रांची में डॉक्टर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिम कार्ड बरामद

Rupa Kumari | August 27, 2026 | 05:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक वरिष्ठ डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 46 वर्षीय दीपक कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी 68 वर्षीय डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई से एक मोबाइल नंबर से लगातार उन्हें 5 करोड़ रुपये की रंगदारी देने के लिए धमकाया जा रहा था। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने धमकी देने और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी पड़ताल की। इसके आधार पर आरोपी की पहचान दीपक कुमार दास के रूप में हुई। पुलिस ने उसे आईटीआई रोड बस स्टैंड के पास स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से लोहरदगा जिले के न्यू बस स्टैंड साइडिंग इलाके का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से वह सिम कार्ड भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर डॉक्टर को धमकी देने और रंगदारी मांगने के लिए किया गया था।

यह भी पढ़ें : नेपाल में तबाही पर इरफान अंसारी बोले- संकट की घड़ी में झारखंड हरसंभव मदद के लिए तैयार

न्यायालय में पेश करने की तैयारी

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कृत्य अकेले किया या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। छापेमारी टीम में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई तथा पुलिस अवर निरीक्षक सत्यम कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share this news

संबंधित खबरें