Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी इलाके में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार ईको वैन अनियंत्रित होकर दो कारों से टकरा गई। हादसा लालपुर थाना क्षेत्र के IMS कॉलेज और सिद्धू-कान्हू पार्क के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईको वैन एक निजी स्कूल के बच्चों को छोड़कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रही दो कारें उसकी चपेट में आ गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
चालक को नींद आने की आशंका
पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर चालक को नींद आने की बात सामने आ रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि ईको वैन पर निजी नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसके बावजूद वाहन का इस्तेमाल कथित तौर पर व्यावसायिक कार्य और स्कूली बच्चों के परिवहन के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वाहन का उपयोग नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं। साथ ही स्कूल वाहन संचालन और परिवहन नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : खेलो इंडिया डायलॉग में पीएम मोदी का आह्वान, युवाओं से 2036 ओलंपिक की तैयारी शुरू करने को कहा
नियमों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ वाहन के दस्तावेज, परमिट और उसके व्यावसायिक उपयोग से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

