Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नारकोटिक्स डॉग मैक्स की मदद से दो संदिग्धों को करीब 30 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओडिशा की ओर से ट्रेन से टाटानगर पहुंचे थे और बिहार जाने की तैयारी में थे।
समलेश्वरी एक्सप्रेस से पहुंचे थे दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेश कुमार (36) और शिव मुनि चौरसिया (38) के रूप में हुई है। भूपेश बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर फतेहपुर का रहने वाला है, जबकि शिव मुनि चौरसिया कैमूर जिले के भभुआ का निवासी बताया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा की ओर से आने वाली समलेश्वरी एक्सप्रेस से टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें बिहार जाने के लिए पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पकड़नी थी।

संदिग्ध गतिविधि के बाद हुई तलाशी
स्टेशन परिसर में आरपीएफ और जीआरपी की टीम को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद नारकोटिक्स डॉग की मदद से जांच अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान दोनों के सामान से करीब 30 किलो गांजा बरामद हुआ। मादक पदार्थ मिलने के बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया और गांजा जब्त कर लिया गया।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में पिकअप वैन की चपेट में आई 12 साल की बच्ची, दोनों पैर गंभीर रूप से घायल
जीआरपी को सौंपे गए आरोपी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना (जीआरपी) को सौंप दिया गया। जीआरपी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और रेल सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

