पलामू में आरक्षण व्यवस्था पर भाकपा माले का हमला, दीपांकर भट्टाचार्य बोले- अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा

Meenu | August 23, 2026 | 02:38 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भाजपा और संघ परिवार पर देश की आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। रविवार को स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि संविधान देश के सभी वर्गों को समानता और अधिकारों की गारंटी देता है और आरक्षण सामाजिक न्याय का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने या कमजोर करने की किसी भी कोशिश का भाकपा माले विरोध करेगी।

यह भी पढ़ें : अपराध नियंत्रण को पलामू पुलिस की बड़ी पहल, चैनपुर थाने में चिन्हित अपराधियों की परेड; SP ने दी सख्त चेतावनी

छात्र-युवा आंदोलनों को बताया लोकतंत्र के लिए सकारात्मक

दीपांकर भट्टाचार्य ने देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे छात्र और युवा आंदोलनों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों तक पहुंच रहा है। शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर छात्र और युवा अपनी आवाज उठा रहे हैं। भट्टाचार्य ने कहा कि भाकपा माले छात्रों और युवाओं के इन आंदोलनों के साथ खड़ी है और आगे भी उनका समर्थन करती रहेगी।

शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य पर सरकार को घेरा

भाकपा माले नेता ने शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में स्कूल बंद हो रहे हैं, लेकिन शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए और सरकार को इन मुद्दों पर जवाबदेह होना चाहिए।

भाजपा पर ध्रुवीकरण की राजनीति का आरोप

दीपांकर भट्टाचार्य ने भाजपा पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति में संघ परिवार का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने वर्ष 2015 में संघ प्रमुख मोहन भागवत की ओर से आरक्षण की समीक्षा को लेकर दिए गए बयान का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का माहौल लगातार तैयार किया जा रहा है।

अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान

भाकपा माले महासचिव ने कहा कि संविधान से मिले अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों, युवाओं और वंचित वर्गों के सवालों को लेकर पार्टी आगे भी आंदोलन करती रहेगी। कार्यक्रम में जन संस्कृति मंच के रामराज राय, डॉ. बीएन सिंह, रविंद्र भुइयां, पंकज श्रीवास्तव, सरफराज आलम और दिव्या भगत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Share this news

संबंधित खबरें