Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : हजारीबाग के ईचाक प्रखंड में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। जोगीडीह गांव से फुफंदी चौक होते हुए मनाई चौक तक करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत खराब होने के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने सड़क पर सांकेतिक रूप से धानरोपनी की। ग्रामीणों ने इस अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए सरकार और जिला प्रशासन से सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की।
यह भी पढ़ें : लोहरदगा में मूसलाधार बारिश का असर, जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
करीब एक दशक से खराब है सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क दरिया, बरका खुर्द और डाडीघाघर पंचायत समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है। उनका कहना है कि पिछले करीब 10 वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और बिगड़ जाती है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।

मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सबसे गंभीर असर मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क खराब होने के कारण क्षेत्र के किसानों को भी परेशानी होती है। खेतों तक बीज और खाद पहुंचाने के साथ-साथ तैयार फसल को बाजार तक ले जाना मुश्किल हो जाता है।
जनप्रतिनिधियों ने भी जताया समर्थन
विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और पंचायतों के मुखिया भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को कई बार जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी वजह से ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर सांकेतिक धानरोपनी कर सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया गया।
सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन कार्यालय का घेराव करने की भी बात कही गई है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार से जनहित को देखते हुए जोगीडीह से मनाई चौक तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

