Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने महिला के पास से 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस को 16 अगस्त को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची पहुंचने वाली है। सूचना के अनुसार महिला बरियातू स्थित जुमार पुल बस स्टैंड के पास उतरने वाली थी। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सदर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
छापेमारी दल जुमार पुल बस स्टैंड के पास निगरानी कर रहा था। इसी दौरान एक महिला ऑटो में बैठी दिखाई दी। पुलिस को देखते ही वह घबरा गई और भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मी और छापेमारी दल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान महिला के हैंडबैग से एक प्लास्टिक पाउच मिला, जिसमें 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर रखी हुई थी। इसके अलावा उसके पास से ₹20,000 नकद, आई-टेल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पहले भी दर्ज हैं मामले
गिरफ्तार महिला की पहचान मुन्नी देवी के रूप में हुई है, जो रांची के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। पूछताछ में उसने शहर के विभिन्न इलाकों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, महिला का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ 2024 और 2025 में भी मामले दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 2025 के एक मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी लगी थीं।
यह भी पढ़ें : बगैर विधिक सलाहकार के सरकार से वार्ता करेंगे छात्र, 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तय
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश कर दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

