Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़कागांव-केरेडारी मुख्य मार्ग पर देशवारी के समीप एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक पिता की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी यासिम के रूप में हुई है। घायल महिला का इलाज हजारीबाग में कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : छात्रों के साथ खड़ी है तो सरकार से समर्थन वापस ले कांग्रेस: नवीन जायसवाल
ससुराल से घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, यासिम अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटी के साथ ससुराल जोको गया था। शनिवार रात परिवार बाइक से जोको से बेलतू लौट रहा था। इसी दौरान देशवारी के पास हजारीबाग की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल परिवार को तत्काल केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन वर्षीय बच्ची और उसके पिता यासिम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मां को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक मौके पर रुके बिना वाहन लेकर फरार हो गया।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात केरेडारी-बड़कागांव मुख्य मार्ग को देशवारी के पास जाम कर दिया। लोग शव के साथ सड़क पर डटे रहे। ग्रामीणों और परिजनों की मांग है कि फरार वाहन और चालक को जल्द पकड़ा जाए। साथ ही मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था। पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को समझाने और जाम हटाने की कोशिश की जा रही थी।

Reporter | Samachar Post

