जामताड़ा में शराब तस्करी का भंडाफोड़, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

Rupa Kumari | August 13, 2026 | 02:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई है, जिसे वे सामान्य यात्रियों की तरह ट्रॉली और पिट्ठू बैग में छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग चित्तरंजन गेट नंबर-1 के पास शराब की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की और दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके सामान से शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई।

यात्री बनकर ले जा रहे थे शराब

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय राजा कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय विष्णु पंडित के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मिथिला एक्सप्रेस से चित्तरंजन स्टेशन होकर मुजफ्फरपुर जाने की तैयारी में थे। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने सुरक्षा जांच से बचने के लिए शराब को ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग में इस तरह रखा था कि वह सामान्य यात्रियों के सामान जैसा दिखाई दे। बरामद सामान में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 14 बोतलें, मैजिक मोमेंट्स की 750 एमएल की 14 बोतलें और हेवर्ड्स बीयर के 48 कैन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : जयपाल सिंह स्टेडियम में आचार्य अलोकेश्वर और मोहम्मद अहमद सैफी की जोड़ी, छात्रों को दे रही एकजुटता का संदेश

केस दर्ज, जांच जारी

मिहिजाम थाना पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 58/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274, 275 और 292 के साथ-साथ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक अजित सागर केरकेट्टा को सौंपी गई है। पुलिस ने जब्त शराब और बीयर को कब्जे में ले लिया है तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें