वाराणसी- पटना यात्री बस औरंगाबाद में पलटी, 20 घायल; तीन की हालत गंभीर

Rupa Kumari | August 13, 2026 | 11:36 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार के औरंगाबाद जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से पटना जा रही एक यात्री बस नगर थाना क्षेत्र के जीटी रोड ओवरब्रिज बाईपास के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस वाराणसी से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान जीटी रोड ओवरब्रिज बाईपास के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में शामिल हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को विशेष निगरानी में रखा गया है।

यह भी पढ़ें : बांधगाड़ी की 2.02 एकड़ सरकारी जमीन होगी अतिक्रमण मुक्त, तालाब और ग्रीन पैच बनाने की तैयारी

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news

संबंधित खबरें