छात्रों की मांगों को लेकर सदन में हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

Meenu | August 11, 2026 | 12:53 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे के कारण बाधित हो गई। छात्रों की मांगों और JPSC-JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा विधायकों ने सदन में जोरदार विरोध किया। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

यह भी पढ़ें : रातू रोड में BJP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की, टायर हटाने को लेकर हुआ विवाद

कार्यवाही शुरू होते ही आमने-सामने आए पक्ष

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भाजपा पर छात्रों को उकसाने का आरोप लगाया। उनके बयान के बाद भाजपा विधायक विरोध में खड़े हो गए और सदन में हंगामा शुरू हो गया। भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए और JPSC-JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं की CBI जांच की मांग उठाने लगे।

स्पीकर ने विपक्ष से की सदन चलने देने की अपील

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा विधायकों से अपनी सीट पर लौटने और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया। अध्यक्ष ने कई बार विपक्षी विधायकों से सदन की मर्यादा बनाए रखने और कार्यवाही में सहयोग करने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा।

12 बजे तक स्थगित हुई सदन की कार्यवाही

लगातार हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन का मुद्दा इस समय झारखंड की राजनीति में प्रमुख बना हुआ है। सड़क से लेकर विधानसभा तक इस मुद्दे पर विरोध और राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें