छात्रों के समर्थन में 24 घंटे के निर्जला उपवास पर बैठे जयराम महतो, JPSC-JSSC परीक्षाओं को रद्द करने की मांग

Meenu | August 9, 2026 | 11:22 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने छात्र आंदोलन के समर्थन में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने रविवार सुबह 6:50 बजे पुराने विधानसभा परिसर में 24 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया। जयराम महतो का कहना है कि इस उपवास के जरिए आंदोलनकारी छात्रों की मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करना है। विधायक ने कहा कि उपवास के दौरान वह पानी भी नहीं पीएंगे। उनका यह उपवास जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में है।

यह भी पढ़ें : बिहार में 50 हजार की रिश्वत लेते अररिया के GM गिरफ्तार, सप्लायर से मांगे थे 85 हजार

25 जुलाई से आंदोलन कर रहे छात्र

जयराम महतो ने कहा कि छात्र 25 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक इसे गंभीरता से नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज देश-दुनिया तक पहुंच रही है, लेकिन सरकार तक उनकी आवाज शायद उस स्तर पर नहीं पहुंच रही है। इसी वजह से उन्होंने एक दिवसीय निर्जला उपवास का फैसला लिया है। उनके मुताबिक, उपवास का उद्देश्य छात्रों की मांगों को सरकार तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन

जयराम महतो ने कहा कि अगर उनके उपवास के बाद सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस पहल करती है तो यह सकारात्मक होगा। लेकिन यदि सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

JPSC-JSSC की नियुक्ति परीक्षाएं रद्द करने की मांग

आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में TDPL द्वारा आयोजित JPSC और JSSC की सभी नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द करना शामिल है। छात्रों की ओर से इन परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और घोटाले के आरोप लगाए गए हैं। आंदोलनकारियों ने पूरे मामले में शामिल कथित दोषियों की गिरफ्तारी की मांग भी की है। आंदोलनकारियों ने कथित अनियमितताओं की जांच CBI और ED से कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

JPSC-JSSC पदाधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग

छात्रों ने JPSC और JSSC के पदाधिकारियों की कथित भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से जांच हो और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी मांग को लेकर छात्र आंदोलन जारी है और अब जयराम महतो के 24 घंटे के निर्जला उपवास से आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिला है।

Share this news

संबंधित खबरें