Samachar Post रिपोर्टर,रांची : JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन का शनिवार को 15वां दिन रहा। आंदोलन के बीच अब देश के अलग-अलग हिस्सों से समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली से रांची पहुंचीं अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने भूख हड़ताल पर बैठे JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान नेहा बोरा ने अभ्यर्थियों की मांगों और आंदोलन की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि AISA इस आंदोलन में अभ्यर्थियों के साथ खड़ा है। उनके मुताबिक, केवल झारखंड के युवा ही नहीं, बल्कि देशभर के छात्र भी इस आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। नेहा बोरा ने कहा कि जब तक सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक AISA उनकी आवाज को उठाता रहेगा।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर: 39वें शहादत दिवस पर शहीद निर्मल महतो को दी गई श्रद्धांजलि, उलियान में उमड़ा जनसैलाब
देवी महतो से भी हुई आंदोलन को लेकर बातचीत
नेहा बोरा ने JLKM नेत्री देवी महतो से भी मुलाकात कर आंदोलन को आगे बढ़ाने और अभ्यर्थियों की मांगों को राजनीतिक स्तर पर मजबूती से उठाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वह भाकपा माले के दोनों विधायकों से मुलाकात कर अभ्यर्थियों की समस्याओं और मांगों को उनके सामने रखेंगी। इसके साथ ही विधानसभा में भी इन मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा। भाकपा माले के दो विधायक निरसा से अरूप चटर्जी और सिंदरी से चंद्रदेव महतो हैं।

अरूप चटर्जी पहले ही आंदोलन को दे चुके हैं समर्थन
निरसा विधायक अरूप चटर्जी इससे पहले आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने छात्रों की मांगों को सुना था और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया था। अरूप चटर्जी ने कहा था कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक वह उनके साथ खड़े रहेंगे। विधायक विधानसभा में भी अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दे उठा चुके हैं। अब AISA की ओर से दोनों विधायकों से संपर्क कर अभ्यर्थियों की मांगों को राजनीतिक मंच पर उठाने की पहल की जा रही है। इससे आंदोलन को व्यापक राजनीतिक समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Reporter | Samachar Post

