रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ ABVP का CM आवास मार्च, पुलिस ने रोका

Meenu | August 8, 2026 | 03:37 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शनिवार को विरोध मार्च निकाला। छात्र संगठन का मार्च डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ा। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस-प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे।

यह भी पढ़ें : चाईबासा: शहीद निर्मल महतो की जयंती पर रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और छाता देकर किया सम्मानित

दो बैरिकेडिंग तोड़कर CM आवास की ओर बढ़े कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाई गई दो बैरिकेडिंग को कुछ प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया और आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री आवास के समीप स्थित ऐतिहासिक सिदो-कान्हू पार्क के पास तक पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों के मुख्यमंत्री आवास के करीब पहुंचने के बाद पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दंगा-रोधी दस्तों को भी तैनात किया गया। ABVP की ओर से JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार और संबंधित आयोगों से कार्रवाई की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस-प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें