मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रिम्स में जलजमाव पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सख्त, दोषी संवेदक पर डी-रजिस्ट्रेशन की कार्रवाई के निर्देश

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) परिसर में बारिश के दौरान जलजमाव की तस्वीरें सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने रिम्स के निदेशक और अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए स्पष्ट कहा कि राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा मार्च को लेकर स्पेशल ब्रांच अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

निदेशक ने बताई जलजमाव की वजह

रिम्स के निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि लगातार भारी बारिश के बीच चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान कुछ समय के लिए संबंधित स्थल पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित संवेदक ने कार्य स्वयं कराने के बजाय पेटी कॉन्ट्रैक्ट (सब-कॉन्ट्रैक्ट) के माध्यम से कराया, जिससे कार्य की गुणवत्ता और निगरानी प्रभावित हुई।

पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर मंत्री का कड़ा रुख

स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी निर्माण कार्यों में पेटी कॉन्ट्रैक्ट की व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि संबंधित संवेदक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू करते हुए उसके डी-रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण निरस्तीकरण) की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए। डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स प्रशासन को निर्देश दिया कि निर्माण और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कमी, निगरानी में लापरवाही या कार्य में कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आधे घंटे में सामान्य हुई स्थिति

स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, जलजमाव की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब आधे घंटे के भीतर परिसर से पानी की निकासी कर स्थिति सामान्य कर दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह सुचारू रहीं और किसी भी मरीज के इलाज पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।

अफवाहों से बचने और सही जानकारी देने के निर्देश

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स राज्य की करोड़ों जनता की उम्मीदों का केंद्र है और सरकार यहां स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, पारदर्शी और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अधूरी या भ्रामक तस्वीरों के आधार पर भ्रम फैलाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भविष्य में किसी भी घटना की तथ्यात्मक और समयबद्ध जानकारी मीडिया और आम जनता तक पहुंचाई जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि रिम्स में किसी भी अधिकारी, अभियंता या संवेदक द्वारा जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य में बाधा बनने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment