झारखंड विधानसभा मार्च को लेकर स्पेशल ब्रांच अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

Meenu | August 6, 2026 | 04:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में 7 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च और विरोध प्रदर्शनों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्पेशल ब्रांच, झारखंड ने राज्य के सभी उपायुक्तों (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को पत्र जारी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक प्रशासनिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें : ग्रामीण विकास पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का जोर, बोलीं- गांव की जरूरतों के अनुरूप बनें विकास योजनाएं

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ी सतर्कता

स्पेशल ब्रांच के अनुसार, सोशल मीडिया पर कई पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे आंदोलन में भाग लेने के लिए जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़ी चर्चित छात्र नेता नेहा बोरा झारखंड आ सकती हैं। पत्र में उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर कहा गया है कि वह 7 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च में शामिल हो सकती हैं और इसके बाद आंदोलनरत अभ्यर्थियों के धरना स्थल पर जाकर समर्थन भी जता सकती हैं।

CPI(ML) के आह्वान का भी उल्लेख

स्पेशल ब्रांच द्वारा जारी पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि भाकपा (माले) ने भी युवाओं से 7 अगस्त को बड़ी संख्या में विधानसभा मार्च में शामिल होने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि विभिन्न संगठनों की भागीदारी से प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

स्पेशल ब्रांच ने सभी जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूचनाओं का तत्काल सत्यापन किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विधि-सम्मत कार्रवाई की जाए।

भीड़ को लेकर प्रशासन की नजर

प्रशासन को आशंका है कि विधानसभा मार्च के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से कानून-व्यवस्था की चुनौती उत्पन्न हो सकती है। इसी को देखते हुए सभी जिलों को पहले से सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें