Samachar Post रिपोर्टर, रांची : स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में इस वर्ष 14 प्लाटून की आकर्षक परेड आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पंडाल, मंच और बैरिकेडिंग की तैयारी
बैठक में भवन प्रमंडल को निर्देश दिया गया कि समारोह में आने वाले लोगों के लिए मैदान के दोनों ओर वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मैदान का समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण और साउंड सिस्टम के लिए आवश्यक संरचनाएं समय पर तैयार करने को कहा गया।
बिजली, पेयजल और स्वच्छता पर विशेष फोकस
प्रशासन ने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और साउंडप्रूफ जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को समारोह स्थल पर पेयजल, वीआईपी शौचालय और परेड में शामिल होने वाले कैडेटों के लिए अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था करने को कहा गया।

सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी तैयारी
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन ने चिकित्सा शिविर, अग्निशमन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मोरहाबादी मैदान और आसपास की सड़कों की मरम्मत तथा साफ-सफाई के कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें : पलामू में छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू, फोर्थ ग्रेड बहाली और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग
समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और तत्परता से करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, परिवहन, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार और सुव्यवस्थित बनाना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

