मानसून सत्र: झारखंड विधानसभा की सुरक्षा में छह IPS समेत 1000 पुलिसकर्मी तैनात

Meenu | August 4, 2026 | 11:58 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर रांची पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सत्र के दौरान JPSC और JSSC अभ्यर्थियों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

यह भी पढ़ें : राहे में चट्टान के पास अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

छह IPS अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले के चार आईपीएस अधिकारियों के साथ दो अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस तरह कुल छह IPS अधिकारी पूरे सुरक्षा प्रबंधन की निगरानी करेंगे। इसके अलावा 15 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर, 100 दारोगा और करीब 1000 पुलिसकर्मियों को जगन्नाथपुर मंदिर से विधानसभा परिसर तक विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।

रैप, जैप और महिला बटालियन भी रहेंगी तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रैप (रैपिड एक्शन पुलिस), झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP), JAP-10 की महिला बटालियन, जिला पुलिस, होमगार्ड तथा एसआईआरबी सहित अन्य बटालियनों के जवानों को भी तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीयर गैस पार्टी, रबर बुलेट, वज्र वाहन, रंगीन पानी (वॉटर कैनन) की गाड़ी और फायर ब्रिगेड के वाहनों को भी तैयार रखा गया है।

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग रांची के एसएसपी राकेश रंजन स्वयं करेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें