मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज, नेमरा में श्रद्धांजलि सभा; CM हेमंत सोरेन करेंगे 14 फीट प्रतिमा का अनावरण

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा के लुकैयाटांड़ मैदान में आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे और श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, झारखंड आंदोलनकारी, सोरेन परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें : 14वीं JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, हजारीबाग के दो सगे भाई हिरासत में

देशभर से पहुंचेंगे समर्थक और श्रद्धांजलि देने वाले

4 अगस्त 2025 को शिबू सोरेन के निधन के बाद नेमरा में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उस समय देशभर से हजारों लोग लगातार कई दिनों तक उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी लंबे समय तक नेमरा में रहकर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इस वर्ष भी झारखंड के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में समर्थकों और आदिवासी समाज के लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

नेमरा में विकास कार्यों की मिलेगी झलक

दिशोम गुरु की स्मृति में नेमरा और आसपास के क्षेत्रों में कई विकास योजनाओं को गति दी गई है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, आधुनिक दूरसंचार नेटवर्क, तालाबों का जीर्णोद्धार, धुमकुड़िया भवन, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, अस्पताल, लाह की खेती का प्रशिक्षण, रोजगार प्रशिक्षण और सौर ऊर्जा जैसी अनेक परियोजनाएं पूरी की गई हैं या प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम के दौरान विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं का अवलोकन करने के साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा।

सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम

लुकैयाटांड़ मैदान स्थित सोना सोबरन प्लस टू हाई स्कूल परिसर में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है। श्रद्धांजलि समारोह के लिए लगभग 400 फीट लंबा जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, वीआईपी पार्किंग, भोजन स्टॉल, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वहीं गोला चौक से नेमरा तक पूरे मार्ग को श्रद्धांजलि बैनरों, झामुमो के झंडों, आकर्षक रोशनी और सोहराय पेंटिंग से सजाया गया है। पैतृक आवास और समाधि स्थल पर भी सामाजिक परंपराओं के अनुरूप विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment