मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

आसंगी चेक डैम में नहाने के दौरान NIT छात्र लापता, तलाश में जुटी NDRF; छात्रों ने मुआवजे और कार्रवाई की उठाई मांग

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान NIT जमशेदपुर के एक छात्र के डूब जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और NDRF की टीम छात्र की तलाश में जुटी हुई है। देर शाम तक छात्र का कोई पता नहीं चल सका था। हादसे के बाद NIT परिसर में छात्रों के बीच आक्रोश का माहौल देखा गया। जानकारी के अनुसार, NIT जमशेदपुर के मेटालर्जी विभाग के चौथे वर्ष के छात्र मीर हसन रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों के साथ आसंगी चेक डैम में नहाने गए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। उनके साथ मौजूद छात्रों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पुलिस और NDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। पानी की गहराई और परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने NDRF की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा।

छात्रों में आक्रोश, प्रशासन पर उठाए सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही NIT जमशेदपुर के छात्रों में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। छात्रों का आरोप है कि डूबे हुए छात्र का शव पानी में दिखाई दे रहा था, लेकिन पर्याप्त संसाधनों की कमी के कारण समय रहते उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मीर हसन के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और पूरे मामले में जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों तथा कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन को भाकपा (माले) का समर्थन, JPSC और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार से जवाबदेही की मांग

घटनास्थल पर तनावपूर्ण माहौल

हादसे के बाद आसंगी चेक डैम के आसपास तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। आरआईटी थाना प्रभारी के अनुसार, अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। NDRF और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन का कहना है कि छात्र का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment