लातेहार में सौम्या मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की छापेमारी, भ्रूण अवशेष मिलने के बाद दुकान सील; संचालक हिरासत में

Meenu | August 2, 2026 | 01:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,लातेहार : लातेहार रेलवे स्टेशन रोड स्थित सौम्या मेडिकल स्टोर में शनिवार देर रात प्रशासन ने छापेमारी की। उपायुक्त संदीप कुमार को मिली सूचना के आधार पर गठित संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद दुकान को सील कर दिया गया, जबकि संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रशासन के अनुसार मेडिकल स्टोर में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद सिविल एसडीओ दिनेश कुमार, प्रभारी सिविल सर्जन विवेक विद्यार्थी, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी की।

यह भी पढ़ें : रांची के धुर्वा डैम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

जांच के दौरान मिले संदिग्ध साक्ष्य

अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कुछ ऐसे साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर अवैध गर्भपात से जुड़े संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत कर्मियों को मेडिकल वेस्ट के एक प्लास्टिक बैग में लगभग पांच से छह महीने के भ्रूण के अवशेष मिले, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। हालांकि, इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

मेडिकल स्टोर सील, संचालक से पूछताछ जारी

छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से एक्सपायरी दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई। इसके बाद प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया। मेडिकल स्टोर संचालक सागर कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, बरामद भ्रूण अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें