झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: 5 अगस्त तक बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

Meenu | August 2, 2026 | 10:00 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 2 अगस्त से 5 अगस्त तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। साथ ही तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

5 अगस्त तक कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। विशेष रूप से दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में वर्षा अपेक्षाकृत अधिक होने की संभावना है। 1 अगस्त को भी राज्य के कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश बढ़ने से पहले राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि बारिश की गतिविधियां तेज होने के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा।

इन जिलों में दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान

राज्य में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा सरायकेला 35.5°C, चाईबासा 34.4°C, जमशेदपुर 34.1°C, रांची 30.4°C (सामान्य से 0.8°C अधिक) रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो लोहरदगा में सबसे कम 21.8°C दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान रांची, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहा। इस अवधि में दुमका जिले के महरो में 23.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफ वर्तमान में जैसलमेर, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उससे आगे के क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से झारखंड में पर्याप्त नमी बनी हुई है, जिससे राज्यभर में मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं।

तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है। उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी झारखंड के जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

लोगों और किसानों के लिए जरूरी सलाह

खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश, तेज हवा और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम की स्थिति पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share this news

संबंधित खबरें