Samachar Post डेस्क,पटना : बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर कुल 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।
यह भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ: बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 3 किमी लंबी कतार में श्रद्धालु
सुबह से मतदान केंद्रों पर दिखा उत्साह
सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर, सांसद विवेक ठाकुर, मंत्री रामकृपाल यादव और विधायक श्याम रजक समेत कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट इस बार भी राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से जुड़ी प्रतिष्ठा के कारण इस उपचुनाव पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
त्रिकोणीय मुकाबले पर सबकी नजर
बांकीपुर उपचुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, महागठबंधन की राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज की ओर से चुनाव मैदान में उतरे प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा 14 छोटे राजनीतिक दलों और 8 निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल 25 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

422 मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी
मतदान के लिए 187 भवनों में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान दलों को बुधवार को ही ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के साथ मतदान केंद्रों पर भेज दिया गया था। तकनीकी समस्या से निपटने के लिए निर्वाचन आयोग ने 40 प्रतिशत अतिरिक्त बैलट यूनिट और कंट्रोल यूनिट तथा 50 प्रतिशत अतिरिक्त वीवीपैट मशीनें रिजर्व रखी हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान से पहले संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों ने फ्लैग मार्च किया। मतदान केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बूथ के अंदर सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय सशस्त्र बलों को सौंपी गई है, जबकि बाहर राज्य पुलिस और कतार प्रबंधन के लिए होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। चुनाव आयोग पूरे मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहा है।

Reporter | Samachar Post

