Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड की राजधानी रांची में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सर्विलांस अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। विभाग के अनुसार, प्रतिदिन शहर के 7 अलग-अलग वार्डों में यह अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी एकत्र कर रही है और संभावित डेंगू मरीजों की पहचान भी कर रही है। अभियान का उद्देश्य समय रहते संक्रमित मरीजों का पता लगाकर बीमारी के फैलाव को रोकना है।
यह भी पढ़ें : पलामू में गर्भवती शिक्षिका के नवजात की मौत पर भाजपा का प्रदर्शन, DEO कार्यालय का घेराव कर सरकार पर साधा निशाना
पानी जमा नहीं होने देने की अपील
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच की। विभाग ने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाएं और कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर डेंगू फैलाने वाले मच्छर तेजी से पनपते हैं।

लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
डेंगू मुक्त रांची बनाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और मच्छरों से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि निगरानी और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जनसहयोग से ही रांची को डेंगू मुक्त बनाया जा सकता है।

Reporter | Samachar Post

