Samachar Post रिपोर्टर, रांची : श्रावणी मेला 2026 से पहले झारखंड सरकार ने बाबा नगरी देवघर और बासुकीनाथ में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ₹6 करोड़ की राशि जारी की है। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा धार्मिक नगरी की आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी राशि में देवघर नगर निगम को ₹5 करोड़ और बासुकीनाथ नगर पंचायत को ₹1 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इस राशि का उपयोग विभिन्न विकास और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं पर किया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट, पार्क और सामुदायिक भवनों का होगा विकास
सरकार की योजना के तहत दोनों शहरों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा पार्कों का विकास, सामुदायिक भवनों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार, विवाह भवनों की सुविधाओं में सुधार तथा शवदाह गृहों के निर्माण और उन्नयन जैसे कार्य भी किए जाएंगे। स्थानीय जरूरतों के अनुसार अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास पर भी राशि खर्च की जा सकेगी। नगर विकास एवं आवास विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशि प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर उसे आहरित कर विकास कार्य शुरू कर दिए जाएं। विभाग का लक्ष्य है कि श्रावणी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हर महीने देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
विभाग ने परियोजनाओं की निगरानी के लिए भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। सभी संबंधित निकायों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट विभाग को भेजनी होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण कार्य खुली निविदा (टेंडर) प्रक्रिया के माध्यम से कराए जाएंगे। साथ ही सरकारी वित्तीय नियमों और पारदर्शिता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा। विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि किसी भी परियोजना में एक ही कार्य के लिए दोबारा भुगतान न हो और सभी खर्च निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं।
यह भी पढ़ें : बोकारो लापता नाबालिग मामला: जांच की रफ्तार पर हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, CBI के एसपी को किया तलब
श्रावणी मेले की तैयारियों को मिलेगी मजबूती
हर वर्ष श्रावणी मेले के दौरान देवघर और बासुकीनाथ में देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सरकार का यह कदम धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दोनों शहरों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विकास कार्यों के पूरा होने से श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण मिलने की उम्मीद है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

