मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

29% कम बारिश के बीच दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में तेज बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 28 और 29 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

सोमवार को बदला मौसम का मिजाज

सोमवार को राज्य के अधिकांश जिलों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होगी, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दक्षिणी और मध्य झारखंड में बारिश का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।

28 और 29 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

30 जुलाई को भी पूरी तरह साफ नहीं होगा मौसम

30 जुलाई को भी झारखंड में मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, पिछले दिनों की तुलना में बारिश की तीव्रता कुछ कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताहभर अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र गहराकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में सिमडेगा में सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान सिमडेगा में सबसे अधिक 23.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2.1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

56 दिनों में 29% कम बारिश, खेती पर बढ़ी चिंता

मानसून सक्रिय रहने के बावजूद झारखंड में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे कई जिलों में खेती-किसानी को लेकर चिंता बढ़ गई है। पिछले 56 दिनों में सबसे अधिक बारिश सिमडेगा (569 मिमी) में रिकॉर्ड की गई, जबकि साहिबगंज (499.4 मिमी), सरायकेला-खरसावां (427.6 मिमी), पश्चिमी सिंहभूम (427.2 मिमी) और पूर्वी सिंहभूम (385.9 मिमी) भी अधिक वर्षा वाले जिलों में शामिल रहे। दूसरी ओर, गढ़वा (140.7 मिमी) में सबसे कम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चतरा (149.2 मिमी), कोडरमा (191 मिमी), पलामू (200.4 मिमी) और देवघर (200.8 मिमी) में भी सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। कई जिलों में 40 से 60 प्रतिशत तक बारिश की कमी के कारण खरीफ फसलों की बुआई और कृषि गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment