जमशेदपुर मरीन ड्राइव पर दर्दनाक हादसा, गड्ढे के कारण पोल से टकराई बाइक; 17 वर्षीय किशोर की मौत

Meenu | July 26, 2026 | 05:08 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में रविवार सुबह मरीन ड्राइव पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर गणेश पात्रो की मौत हो गई, जबकि उसका साथी निखिल साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। यह दुर्घटना कदमा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के पास रविवार सुबह करीब 8:30 बजे हुई। मृतक गणेश पात्रो और घायल निखिल साहू दोनों कदमा के रामजन्म नगर के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर स्प्लेंडर बाइक से मरीन ड्राइव से रोड नंबर-6 की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई।

यह भी पढ़ें : घायल छात्रों से मिले तेजस्वी यादव, सरकार को अल्टीमेटम- कल तक रिहाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। गणेश पात्रो की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। हालांकि, TMH पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद गणेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल निखिल साहू के एक हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है और उसका इलाज जारी है।

पोस्टमार्टम को लेकर बना विवाद

गणेश पात्रो की मौत के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने पर आपत्ति जताई। हालांकि अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जा सकता है। फिलहाल आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें