बोकारो में 27वां कारगिल विजय दिवस मनाया गया, वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

Meenu | July 26, 2026 | 03:32 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : झारखंड के बोकारो में रविवार को 27वां कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर सिटी पार्क स्थित शहीद उद्यान में अखिल भारतीय सैनिक परिषद की ओर से श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और उनके अदम्य साहस, शौर्य तथा सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : 14वीं JPSC विवाद: PT में ₹5 लाख, मेंस में ₹25 लाख, इंटरव्यू में ₹10 लाख, बाबूलाल मरांडी ने लगाए गंभीर आरोप

पूर्व सैनिकों ने सुनाए कारगिल युद्ध के अनुभव

कार्यक्रम में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। पूर्व सैनिक नायक गंगेश्वर तिवारी ने कहा कि कारगिल युद्ध के समय संसाधन सीमित थे, लेकिन भारतीय सैनिकों ने अपने साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर विजय हासिल की। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना पहले की तुलना में अधिक आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त है। पूर्व सैनिक शत्रुघ्न सिंह ने युद्ध के दौरान भारतीय सेना की इंजीनियर विंग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि युद्ध क्षेत्र में दुश्मन द्वारा बिछाई गई लैंडमाइन को निष्क्रिय करना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, जिससे सैनिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है।

युवाओं से सेना में शामिल होने की अपील

पूर्व सैनिक नायक राम बाबू सिंह ने बताया कि कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने लगातार 14 दिनों तक मोर्चे पर डटे रहकर देश की सेवा की थी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल पारंपरिक करियर विकल्पों तक सीमित न रहें, बल्कि भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा को भी अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं।

शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

Share this news

संबंधित खबरें