Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात कथित हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला रिनपास बॉर्डर लाइन क्षेत्र का है, जहां एक कांग्रेस नेता के सुरक्षा कर्मियों के बीच हुए विवाद के बाद फायरिंग किए जाने का आरोप सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे कांग्रेस नेता के दो बॉडीगार्ड एक साथ बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद एक बॉडीगार्ड, जिसकी पहचान दीपक के रूप में हुई है, ने अपनी राइफल से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
साथी बॉडीगार्ड ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद दूसरे बॉडीगार्ड प्रकाश ने तत्काल कांके थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आरोपी दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीएसपी अमर पांडे ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। घटना में इस्तेमाल की गई राइफल भी जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : श्रावणी मेला ड्यूटी लगते ही झारखंड CID के 40 जवानों ने मांगी छुट्टी, पुलिस मुख्यालय ने नहीं दी मंजूरी

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
रिहायशी क्षेत्र में कथित हवाई फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें हथियार के उपयोग और घटना की परिस्थितियों को भी शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

