कोडरमा में रेलवे ट्रैक पर युवती का शव बरामद, ट्रेन से गिरने की आशंका

Rupa Kumari | July 25, 2026 | 12:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : धनबाद–गया रेलखंड के कोडरमा जिले में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना तिलैया थाना क्षेत्र के टीनवाटांड के पास की है। सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन धनबाद-गया रेलखंड के अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अप लाइन के पोल संख्या 394/27 के समीप एक युवती का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी तुरंत RPF को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आधार कार्ड से हुई पहचान

जांच के दौरान युवती के पास से एक बैग बरामद हुआ। बैग में मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान 22 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में की गई। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के महनार क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। उसके पिता का नाम संजय कुमार सिन्हा बताया गया है।

बैग से मिले शैक्षणिक दस्तावेज

RPF को युवती के बैग से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित एक विद्यालय के विद्यार्थियों की मार्कशीट, कॉलेज से संबंधित प्रमाण पत्र और अन्य कागजात शामिल हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में RPF को आशंका है कि युवती किसी ट्रेन से यात्रा कर रही थी और संभवतः सफर के दौरान गिरने से उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

यह भी पढ़ें : पटना के LNJP अस्पताल का नया सुपरस्पेशियलिटी भवन आज होगा शुरू, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन

परिजनों को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस और RPF आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

Share this news

संबंधित खबरें