गुमला में दोस्ती का खौफनाक अंत: दोस्त ने सिलबट्टे से सिर कुचलकर की हत्या, थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Meenu | July 24, 2026 | 03:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गुमला : झारखंड के गुमला जिले में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के पुग्गु खोपा टोली गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की कथित तौर पर पत्थर के बड़े सिलबट्टे (सिल्लोड) से सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान करीब 42 वर्षीय अनु भूषण टोप्पो के रूप में हुई है, जबकि आरोपी जगन्नाथ उरांव उर्फ बोचे बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों गहरे मित्र थे और जून महीने में मुंबई से मजदूरी कर अपने गांव लौटे थे। गांव आने के बाद दोनों साथ मिलकर खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में रिश्तों का खौफनाक अंत: प्रेम प्रसंग के विवाद में साले की हत्या, एक महीने बाद जंगल से मिला कंकाल

आधी रात में सोते समय किया हमला

बताया जा रहा है कि बुधवार रात दोनों एक ही घर में सोए हुए थे। इसी दौरान आधी रात में आरोपी ने कथित तौर पर बड़े सिलबट्टे से अनु भूषण टोप्पो के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी गांव के ही एक अन्य घर में जाकर सो गया। सुबह होते ही वह सीधे गुमला सदर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस उसकी निशानदेही पर घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की।

हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, आरोपी की मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें