गिरिडीह में रिश्तों का खौफनाक अंत: प्रेम प्रसंग के विवाद में साले की हत्या, एक महीने बाद जंगल से मिला कंकाल

Rupa Kumari | July 24, 2026 | 02:52 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने ही साले की हत्या कर दी। घटना के करीब एक महीने बाद मृतक का कंकाल धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसहा जंगल से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान शंकर सिंह उर्फ बिंदू के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा चंदन कुमार भोक्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

धनबाद ले जाने के बहाने जंगल में की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी चंदन कुमार भोक्ता 20 जून को शंकर सिंह को धनबाद ले जाने की बात कहकर अपने साथ निकला था। जांच में सामने आया कि वह उसे टुंडी क्षेत्र के बसहा जंगल में ले गया, जहां कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में छोड़ दिया गया।

गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस को करता रहा गुमराह

मामले का एक चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि शंकर की गुमशुदगी की शिकायत खुद आरोपी चंदन ने ही पीरटांड़ थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि पिछले एक महीने से वह जांच टीम और परिजनों को लगातार अलग-अलग बयान देकर गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। परिजनों को उसके व्यवहार पर संदेह होने लगा था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया और घटना की पूरी जानकारी दी।

प्रेम संबंध को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश की एक युवती के संपर्क में था और फोन पर बातचीत करता था। बाद में उसने उस युवती की बातचीत अपने साले शंकर से भी कराई। समय के साथ युवती और शंकर के बीच बातचीत बढ़ गई। जांच के दौरान आरोपी ने दावा किया कि शंकर उस युवती से विवाह करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और आरोपी ने कथित रूप से साजिश रचकर हत्या कर दी। आरोपी के बयान के बाद पीरटांड़ और टुंडी पुलिस की संयुक्त टीम ने बसहा जंगल में सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का कंकाल बरामद किया और उसे पोस्टमॉर्टम एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में बनेगा झारखंड-बिहार का सबसे बड़ा चिड़ियाघर, 150 करोड़ की परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है, जबकि क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें