बोकारो में मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्ध महिला से चेन झपटकर फरार हुए बदमाश, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 इलाके का है, जहां मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही एक वृद्ध महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मॉर्निंग वॉक से लौटते समय हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, कैंप-2 निवासी रामदुलारी देवी शुक्रवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। घर लौटने के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। पीड़िता ने बताया कि पीछे से लाल गमछा बांधे एक युवक उनके पास पहुंचा और गले से चेन झपटने की कोशिश की। पहली कोशिश में चेन नहीं निकल सकी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी ने दोबारा झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 10 से 15 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली।

बाइक पर इंतजार कर रहा था दूसरा आरोपी

महिला के अनुसार, घटना के दौरान एक अन्य युवक काला गमछा बांधे मोटरसाइकिल पर कुछ दूरी पर खड़ा था। चेन छीनने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पीड़िता से घटना की जानकारी ली गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी स्थानीय हैं या किसी अन्य क्षेत्र से आए थे। जांच के लिए अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चेन छिनतई और झपटमारी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। खासकर सुबह और शाम टहलने निकलने वाले बुजुर्गों और महिलाओं में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा भी किया है।

संबंधित खबरें