Samachar Post रिपोर्टर,गुमला : झारखंड के गुमला जिले में सांप के डसने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। घाघरा थाना क्षेत्र के कुगांव गांव निवासी शिवानी कुमारी की जहरीले सांप के काटने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण इलाज में देरी हुई और बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात भोजन करने के बाद शिवानी अपनी मां के साथ सो रही थी। देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उसने पैर में तेज दर्द की शिकायत की। शुरुआत में परिवार को सांप के डसने का अंदेशा नहीं हुआ और घरेलू उपचार किया गया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
यह भी पढ़ें : सरायकेला के ईचागढ़ में हाथियों का आतंक, फसलें बर्बाद, ग्रामीणों में दहशत
एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहन से अस्पताल पहुंचे
बच्ची की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने की कोशिश की। उनका आरोप है कि 10 से 12 बार कॉल करने के बावजूद किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से निजी वाहन की व्यवस्था कर बच्ची को घाघरा उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया।

डॉक्टर ने सांप के डसने से मौत की पुष्टि की
गुरुवार सुबह सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. आशिम मिंज ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि बच्ची की मौत जहरीले सांप के डसने के कारण हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
108 एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल, सिविल सर्जन ने मांगी रिपोर्ट
घटना के बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध हो जाती, तो बच्ची को जल्द इलाज मिल सकता था। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले पर संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन ने सभी प्रखंडों में उपलब्ध एंबुलेंस की स्थिति का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी मरीज को एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Reporter | Samachar Post

