संसद पहुंचे राहुल गांधी, बोले- सड़क हो या संसद, पेपर लीक के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी

Rupa Kumari | July 22, 2026 | 01:16 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मानसून सत्र के दौरान बुधवार को संसद पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी।

सोशल मीडिया पोस्ट में उठाया छात्रों का मुद्दा

राहुल गांधी ने संसद परिसर से तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पेपर लीक का मुद्दा ऐसा है जिसे न तो रोका जाएगा और न ही रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि युवाओं के भविष्य और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी है। साथ ही पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी दोहराई। राहुल गांधी द्वारा साझा की गई तस्वीर में झारखंड से राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी नजर आईं। तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

पेपर लीक मुद्दे पर लगातार हमलावर

राहुल गांधी पिछले कुछ समय से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। वे इस विषय को संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह प्रमुखता से उठा रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि पेपर लीक की घटनाएं लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती हैं और इस पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। गौरतलब है कि मंगलवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास के बाहर धरना दिया था। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। इसके बाद भी उन्होंने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद रखने की बात कही थी।

यह भी पढ़ें : झारखंडी क्षेत्रीय कलाकारों ने अश्लीलता के खिलाफ खोला मोर्चा, DC को सौंपा ज्ञापन

छात्रों के हितों की लड़ाई जारी रखने का संदेश

संसद पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने स्पष्ट संकेत दिया कि पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग लगातार उठाई जाती रहेगी। राहुल गांधी के इस बयान के बाद पेपर लीक और शिक्षा सुधार का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Share this news

संबंधित खबरें