रांची ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 दिनों में ₹12.50 करोड़ का चालान; सबसे ज्यादा बिना हेलमेट और नो-पार्किंग पर जुर्माना

Meenu | July 21, 2026 | 02:17 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। जून से 15 जुलाई तक चले विशेष अभियान के दौरान 45 दिनों में करीब ₹12.50 करोड़ का चालान काटा गया। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा बढ़ाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में SIR अभियान की धीमी रफ्तार पर उठे सवाल, अनुभवहीन BLO और तकनीकी चुनौतियां बनीं परेशानी

आठ ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में रोजाना चल रहा अभियान

रांची ट्रैफिक पुलिस जगन्नाथपुर, डोरंडा, चुटिया, डेली मार्केट, लालपुर, पंडरा, खेलगांव और गोंदा ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन विशेष जांच अभियान चला रही है। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मैनुअल और कैमरा आधारित ई-चालान दोनों माध्यमों से कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने के मामलों में काटे गए। सिर्फ जुलाई के पहले 15 दिनों में इन दोनों उल्लंघनों के लिए करीब ₹1.5 करोड़ का चालान किया गया।

गलत तरीके से वाहन चलाने से बढ़ता है जाम

पुलिस का कहना है कि सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ने के अलावा लोगों की पहले निकलने की होड़ भी जाम का बड़ा कारण बन रही है। आड़ा-तिरछा वाहन चलाना और रॉन्ग साइड ड्राइविंग न केवल जाम बढ़ाती है, बल्कि सड़क हादसों का भी बड़ा कारण बनती है।

जनवरी से जुलाई तक चालान और वसूली का आंकड़ा

महीनाकुल चालानवसूली गई राशि
जनवरी60,034₹5,63,74,350
फरवरी59,744₹5,44,31,900
मार्च73,803₹6,87,49,950
अप्रैल68,036₹6,40,15,300
मई50,006₹4,65,44,350
जून1,24,144₹9.50 करोड़
1–15 जुलाई₹3.00 करोड़

नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रोजाना चेकिंग- एसपी

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि लगातार कार्रवाई और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रोजाना चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर चलते समय हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट का उपयोग करें, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी न केवल कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती है, बल्कि गंभीर सड़क हादसों का जोखिम भी बढ़ा सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें