चतरा में सड़क किनारे मिला शिक्षक का शव, हत्या की आशंका पर ग्रामीणों ने चतरा-डोभी मुख्य मार्ग किया जाम

Meenu | July 21, 2026 | 01:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चतरा : झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी इलाके में सड़क किनारे एक शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश यादव के रूप में हुई है, जो प्रतापपुर स्थित राजकीय प्लस-टू उच्च संपोषित विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को चतरा-डोभी मुख्य सड़क के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शिक्षक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : सिमडेगा में सर्पदंश से 5 वर्षीय बच्ची की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हत्या की आशंका पर परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने घंघरी के पास चतरा-डोभी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण चतरा से गया जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

घटना की सूचना मिलने पर वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें