Samachar Post डेस्क,बिहार : बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार शाम एक सनसनीखेज डबल मर्डर की घटना सामने आई। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के रिटायर्ड कैशियर अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम देवी की उनके घर में हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बेटे ने घर में लगे CCTV कैमरे में संदिग्ध गतिविधियां देखीं। पुलिस ने घटनास्थल से ग्लव्स, टेप और एक झोला समेत कई अहम सुराग बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें : बिहार विधानसभा मानसून सत्र का आज दूसरा दिन, सदन में पेश होंगे 7 अहम विधेयक; विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में
CCTV में दिखे संदिग्ध, बेटे ने पड़ोसी को दी सूचना
मृतक दंपती के बेटे डॉ. निखिल कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल का कनेक्शन घर में लगे CCTV कैमरों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कैमरे में दो संदिग्ध लोगों को घर में प्रवेश करते देखा। फुटेज में उनकी मां नीलम देवी घबराकर छत की ओर भागती नजर आईं। यह देखकर उन्होंने कई बार माता-पिता को फोन किया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी। जब पड़ोसी घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि दंपती तीन मंजिला मकान में रहते थे और उसी भवन में किरायेदार भी थे, लेकिन किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

पति के शरीर पर चाकू के कई वार, पत्नी के हाथ-पैर बंधे मिले
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, अशोक कुंवर का शव दूसरी मंजिल के बेडरूम में खून से लथपथ मिला। उनकी पीठ पर चाकू से कई वार किए गए थे। वहीं, नीलम देवी का शव तीसरी मंजिल के एक कमरे से बरामद हुआ। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर चौड़ा टेप चिपकाया गया था। प्रारंभिक आशंका है कि उनकी गला दबाकर हत्या की गई।
पुलिस को मिले अहम सुराग, कई एंगल से जांच
घटनास्थल से पुलिस ने ग्लव्स, टेप और एक झोला बरामद किया है, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Reporter | Samachar Post

