Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : शहर में रंगदारी और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर का है, जहां कथित तौर पर रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने एक दुकानदार पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दुकानदार मिथुन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि पुलिस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह प्लांट में दर्दनाक हादसा, 20 साल से कार्यरत कर्मी की मौत; शव को बोरे में ले जाने के आरोप से मचा बवाल
रंगदारी का विरोध करने पर हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से रंगदारी की मांग करने लगे। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने चापड़ से हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावर भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने नंदू लोहार नामक एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

राहुल भुइयां हत्याकांड से भी जोड़कर जांच
पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इस हमले का संबंध करीब एक वर्ष पहले हुए राहुल भुइयां हत्याकांड से भी जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि 29 अगस्त 2025 को छायानगर में राहुल भुइयां की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं ताजा हमला उसी पुराने विवाद से जुड़ा हुआ तो नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही रंगदारी की मांग और हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Reporter | Samachar Post

