CJP प्रतिनिधिमंडल की जेपी नड्डा से मुलाकात, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन मांगें रखीं

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 05:47 PM IST
  • प्रदर्शन के बीच भाजपा अध्यक्ष से हुई बातचीत, सरकार ने आगे संवाद का दिया आश्वासन

Samachar Post डेस्क, रांची : राजधानी दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी मांगें उनके समक्ष रखीं। मुलाकात के बाद प्रतिनिधियों ने दावा किया कि सरकार ने आगे बातचीत जारी रखने का आश्वासन दिया है, हालांकि किसी मांग पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित तीन प्रमुख मांगें

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सौरव दास ने बताया कि बैठक के दौरान तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा या उन्हें पद से हटाने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को वापस जंतर-मंतर लाकर उनका अनशन समाप्त कराने की मांग भी की गई। सौरव दास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वह और आशुतोष रांका दोपहर से जेपी नड्डा के आवास पर मौजूद रहे और आंदोलन से जुड़ी सभी मांगों को विस्तार से उनके सामने रखा।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी छात्रों और समर्थकों का कहना है कि वे शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार से स्पष्ट जवाब चाहते हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्र सरकार की ओर से पहली प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि CJP प्रतिनिधिमंडल के साथ सकारात्मक और सार्थक बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधियों ने अपना प्रस्ताव और मांगें उनके समक्ष रखीं, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई। नड्डा ने कहा कि कई घंटों तक चली बातचीत के बाद उन्होंने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त करने और संवाद के माध्यम से समाधान तलाशने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत के जरिए आगे का रास्ता निकाला जा सकेगा।

यह भी पढ़ें : झारखंड में SIR को लेकर भ्रम फैलाने वालों को चेतावनी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बोले- किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटेगा

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

CJP के प्रदर्शन और संसद मार्च की चेतावनी के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें