Samachar Post डेस्क, रांची : संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रदर्शनकारियों द्वारा संसद की ओर मार्च करने के प्रयास के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबर सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान कुछ लोग राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन क्षेत्र तक पहुंच गए, जबकि कई प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात रहे।
प्रदर्शनकारियों ने लगाया बल प्रयोग का आरोप
प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि उन्हें रोकने के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिससे कुछ लोग घायल हुए। वहीं दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किए जाने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि संसद की ओर मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो साझा
प्रदर्शन का आयोजन करने वाले समूह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना से जुड़े वीडियो साझा किए हैं। संगठन का दावा है कि वीडियो में सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की तस्वीरें दिखाई देती हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा में खेत की जुताई के दौरान वज्रपात से किसान की मौत, गांव में शोक की लहर
सोनम वांगचुक ने रखीं अपनी मांगें
इसी बीच, शिक्षा और अन्य मुद्दों को लेकर लंबे समय से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा संबंधी मुद्दों और प्रतिनिधिमंडल को अपनी बात रखने का अवसर देने जैसी मांगों को सामने रखा है। संसद के मानसून सत्र और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

