Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित झरियागादी में बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने पर तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने फास्ट फूड दुकान पर खराब या विषाक्त भोजन देने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें : हजारीबाग के मत्स्य विभाग परिसर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
बिरयानी खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
पीड़ित मो. आजम के अनुसार, वह देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय भंडारीडीह स्थित स्वर्ण सिनेमा के पास एक फास्ट फूड दुकान से बिरयानी का पार्सल लेकर आए थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा के साथ बिरयानी खाई। परिजनों के मुताबिक, भोजन करने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें लगातार उल्टियां और पेट दर्द होने लगा, जिसके बाद तत्काल गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मो. आजम का आरोप है कि दुकान से मिली बिरयानी खराब या विषाक्त थी, जिसके कारण उनकी और परिवार के अन्य दो सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि परिवार में कुल नौ सदस्य हैं, लेकिन बिरयानी केवल तीन लोगों ने ही खाई थी और बीमार भी वही पड़े। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार तीनों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बिकने वाले तैयार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से नियमित जांच अभियान चलाने और खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

