हजारीबाग के स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र की कथित पिटाई, होमवर्क नहीं बनाने पर डंडे से मारने का आरोप; मामला थाने पहुंचा

Meenu | July 17, 2026 | 03:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : जिले के दारू थाना क्षेत्र स्थित पुनाई टांड़ के एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा के एक छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर शिक्षक ने छात्र को डंडे से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। मामले को लेकर छात्र के परिजनों ने दारू थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें : बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, JSDMS में कथित 55 करोड़ की अनियमितता की न्यायिक जांच और FIR की मांग

बीमारी के कारण पूरा नहीं कर पाया था होमवर्क

जानकारी के अनुसार, इचाक थाना क्षेत्र के लुंदरू गांव निवासी सुनील कुमार गुप्ता का 10 वर्षीय बेटा रौनक गुप्ता स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक अजय कुमार ने होमवर्क दिखाने को कहा। छात्र ने तबीयत खराब होने के कारण होमवर्क पूरा नहीं होने की बात बताई, जिसके बाद शिक्षक ने कथित तौर पर डंडे से उसकी पिटाई कर दी। परिजनों के मुताबिक, लगातार मारपीट से छात्र के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।

प्राचार्या पर भी लगाया गंभीर आरोप

छात्र के पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वे स्कूल की प्राचार्या ममता देवी से मिलने पहुंचे तो उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें कथित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वहां से भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित छात्र के पिता ने दारू थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राचार्या ने क्या कहा?

स्कूल की प्राचार्या ममता देवी ने कहा कि उन्हें शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छड़ी का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह पीड़ित छात्र के साथ हैं।

Share this news

संबंधित खबरें