पोटका में बुखार से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच; भाई में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि

Rupa Kumari | July 16, 2026 | 02:12 PM IST
  • नारदा गांव की घटना के बाद स्वास्थ्य टीम सक्रिय, जिले में मलेरिया संक्रमितों की संख्या बढ़ी; प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान जारी

Samachar Post रिपोर्टर, पूर्वी सिंहभूम : पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र स्थित नारदा गांव में 12 वर्षीय एक बच्ची की बुखार के बाद मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच शुरू की। इसी दौरान मृत बच्ची के पांच वर्षीय भाई में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।

स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर की जांच

जानकारी के अनुसार, नारदा पंचायत के नारदा गांव निवासी अनिता सरदार की बुखार के बाद मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका की टीम प्रभारी डॉ. सुकांत सीट के नेतृत्व में गांव पहुंची। जांच के दौरान मृतका के छोटे भाई अजय सरदार को भी तेज बुखार से पीड़ित पाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गई जांच में उसके मलेरिया से संक्रमित होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच और उपचार कराना आवश्यक है। विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी प्रकार के बुखार को हल्के में न लें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं।

जिले में जारी है मलेरिया जांच अभियान

पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुधवार को जिलेभर में 13,143 लोगों की जांच की गई, जिसमें 86 लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए। इनमें विभिन्न प्रकार के मलेरिया संक्रमण के मामले शामिल हैं। प्रखंडवार आंकड़ों में पोटका में सबसे अधिक 29 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा डुमरिया, घाटशिला और मुसाबनी क्षेत्रों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रभावित गांवों में सर्वे, जांच, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान चला रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अधिकारियों ने भी क्षेत्र का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की है और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में नदी किनारे मिला युवक का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

लोगों से सतर्क रहने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने, साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरदानी का उपयोग करने और बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें