गिरिडीह में इनर व्हील क्लब का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Meenu | July 16, 2026 | 01:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स की ओर से हरिचक और मोसाबदी गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया। बरसात के मौसम में जलजनित बीमारियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए हरिचक और मोसाबदी गांव के सार्वजनिक कुओं में ब्लीचिंग पाउडर डाला गया। इसके अलावा ग्रामीणों के बीच 15 से 20 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर भी वितरित किया गया, ताकि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रख सकें। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।

यह भी पढ़ें : पाकुड़ में पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

पौधे और सीड बॉल्स का किया वितरण

पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से क्लब ने ग्रामीणों और बच्चों के बीच पौधों और सीड बॉल्स का वितरण किया। सभी से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की गई।

स्कूल में बच्चों को किया जागरूक

मोसाबदी प्राथमिक विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कक्षा 7 और 8 के करीब 40 विद्यार्थियों तथा 10 शिक्षकों ने भाग लिया। बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सीड बॉल्स, जबकि शिक्षकों और कुछ छात्रों को पौधे भी भेंट किए गए।

क्लब ने स्वच्छता और हरियाली का दिया संदेश

क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर और सचिव नमिता वर्मा ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की। जानकारी के अनुसार, इस सामाजिक जागरूकता अभियान पर क्लब की ओर से लगभग 4 हजार रुपये खर्च किए गए।

Share this news

संबंधित खबरें