गीता बालमुचू OMDC की स्वतंत्र निदेशक नियुक्त, BJP ने जताई खुशी; प्रधानमंत्री मोदी का किया आभार

Meenu | July 16, 2026 | 12:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ आदिवासी महिला नेत्री गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OMDC) का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति पर BJP ने खुशी जताते हुए इसे आदिवासी समाज के सम्मान और प्रतिनिधित्व से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

यह भी पढ़ें : झारखंड को मिल सकती है दो नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेनें, टाटानगर से मुंबई और वाराणसी के लिए भेजा गया प्रस्ताव

BJP ने नियुक्ति को बताया आदिवासी समाज का सम्मान

जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि यह नियुक्ति केवल गीता बालमुचू का व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व का विषय है। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आदिवासी समाज को देश के महत्वपूर्ण नीति-निर्माण और निर्णय लेने वाले मंचों पर प्रतिनिधित्व देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

लंबे समय से BJP संगठन से जुड़ी हैं गीता बालमुचू

BJP के अनुसार, गीता बालमुचू लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। वह चाईबासा नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं और 2024 के विधानसभा चुनाव में चाईबासा विधानसभा सीट से BJP की प्रत्याशी भी थीं। पार्टी ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जैसे चुनौतीपूर्ण राजनीतिक जिले में उन्हें जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता और जनसंपर्क कौशल का प्रमाण है।

OMDC बोर्ड में निभाएंगी अहम भूमिका

BJP का कहना है कि OMDC के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में गीता बालमुचू खनन क्षेत्र से जुड़े नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता, जनहित, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) जैसे विषयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। पार्टी ने यह भी उम्मीद जताई कि उनके माध्यम से खनिज संपदा से समृद्ध आदिवासी क्षेत्रों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठेगी और झारखंड के हितों को मजबूती मिलेगी।

Share this news

संबंधित खबरें