टाइगर नाइट्स ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार बना JGL चैंपियन; सडन-डेथ में ईगल आई को हराया

Rupa Kumari | July 15, 2026 | 12:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर गोल्फ लीग (JGL) सीजन-9 के रोमांचक फाइनल में टाइगर नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। कप्तान सौरभ अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने बेलडीह गोल्फ कोर्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में ईगल आई को सडन-डेथ प्लेऑफ में हराकर चैंपियनशिप की हैट्रिक पूरी की।

36 होल के बाद बराबरी पर थीं दोनों टीमें

फाइनल मुकाबला शुरू से ही बेहद रोमांचक रहा। 36 होल की समाप्ति के बाद टाइगर नाइट्स और ईगल आई दोनों 20-20 अंकों के साथ बराबरी पर थीं। इसके बाद विजेता का फैसला प्लेऑफ के जरिए किया गया। प्लेऑफ के पहले होल में दोनों टीमों ने बराबरी का प्रदर्शन किया। दूसरे होल में ईगल आई के खिलाड़ी अक्षय ने नेट बर्डी लगाकर मुकाबले को फिर संतुलित कर दिया। तीसरे होल में टाइगर नाइट्स के निखिल अडेसरा और हर्ष कुमार पांडे ने दबाव के बीच शानदार पार खेलते हुए मुकाबले को सडन-डेथ तक पहुंचा दिया।

हर्ष कुमार पांडे बने जीत के नायक

निर्णायक सडन-डेथ होल में टाइगर नाइट्स के निखिल अडेसरा का टी-शॉट पानी में चला गया, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया। हालांकि, हर्ष कुमार पांडे ने बेहतरीन संयम और कौशल का परिचय देते हुए नेट बर्डी लगाई और टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी।इस जीत के साथ टाइगर नाइट्स JGL के इतिहास में लगातार तीन खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। कप्तान रोहित सिंह की अगुवाई में ईगल आई ने पूरे टूर्नामेंट और फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाया। टीम ने आखिरी शॉट तक संघर्ष करते हुए मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया और दर्शकों को यादगार फाइनल देखने का अवसर मिला।

ऑडी रांची को दिया जीत का श्रेय

टाइगर नाइट्स टीम में सौरभ अग्रवाल, हर्ष कुमार पांडे, जीतू पटेल, निखिल अडेसरा, निशांत झा, पुनम दोशी, रोहित नरेंद्र तिवारी, संदीप अडेसरा, संजय वर्मा, तरनप्रीत सिंह खनुजा, तृप्ति सिंह, वरुण सोनी और विनायक सिद्धि शामिल थे। टीम ने अपनी सफलता का श्रेय शीर्ष प्रायोजक ऑडी रांची और उसके स्वामी अमन पटनायक को दिया। खिलाड़ियों ने उनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें: चतरा में करोड़ों की जमीन हेराफेरी का मामला, हाईकोर्ट के आदेश पर CO समेत 10 लोगों पर FIR

तीन महीने तक चला टूर्नामेंट

करीब तीन महीने तक चले JGL सीजन-9 के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों और प्रतिभागियों ने आयोजन समिति की सराहना की। गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरा रामम, गोल्फ सेक्रेटरी नीरज सिन्हा और CEO एलन सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों ने बेहद सफल और यादगार बताया। उत्कृष्ट प्रबंधन, प्रतिस्पर्धी माहौल और रोमांचक मुकाबलों के कारण JGL-9 गोल्फ प्रेमियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Share this news

संबंधित खबरें