धनबाद की पूजा ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंची हॉट सीट पर, संघर्षभरी कहानी ने जीता दिल

Samachar Post डेस्क, रांची : सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में गुरुवार को कुमारधुबी की रहने वाली कुमारी पूजा ने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड में सबसे तेज़ उत्तर देकर हॉट सीट हासिल की। अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर पूजा ने न केवल शानदार खेल का प्रदर्शन किया, बल्कि अपने जीवन संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी भी साझा की।

शिक्षा और परिवार का संघर्ष

पूजा गृहिणी हैं और कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को घर पर सभी विषय पढ़ाती हैं। उनकी ससुराल बिहार में है, लेकिन वर्तमान में वह अपने पति के साथ ओडिशा के बलांगीर में निवास कर रही हैं। पूजा ने भूगोल में एम.ए. किया है और नेट (NET) परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनका सपना पीएचडी करने का है, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण अभी तक पंजीकरण नहीं कर पाईं।

यह भी पढ़ें : झारखंड के किसान के बेटे को 1 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति, लंदन में करेगा पढ़ाई

जीवन की चुनौतियाँ और प्रेरणा

पूजा ने बताया कि उनके पिता नशे की लत से पीड़ित थे, लेकिन उनकी मां ने सामाजिक विरोध के बावजूद उन्हें स्कूल भेजा। दसवीं कक्षा में उन्होंने स्कूल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने शिक्षकों से मदद ली और परिवार को सहारा देने के लिए विद्यालय में पढ़ाना शुरू किया। अपने भाई-बहनों में सबसे अधिक शिक्षित पूजा ने साहस और संकल्प से सभी को प्रेरित किया।

खेल का सफर और जीत की राह

पूजा ने खेल की शुरुआत में 5,000 रुपये के प्रश्न का सही उत्तर दिया और क्रमशः 10,000, 15,000 और 20,000 के सवालों का सही उत्तर देकर राशि जीतती रहीं।

  • 25,000 के पहले पड़ाव में उन्होंने “कुंती का जन्म किनसे नहीं हुआ था?” का सही उत्तर “सहदेव” दिया।
  • इसके बाद पूजा ने ‘ऑडियंस पोल’ लाइफलाइन का उपयोग कर 1,00,000 और ‘50:50’ की मदद से 2,00,000 की राशि जीत ली।

खेल का समय समाप्त होने तक पूजा नौवें प्रश्न तक पहुंच चुकी थीं। उनका खेल शुक्रवार को जारी रहेगा।

Share this news

संबंधित खबरें