रांची गैंगरेप केस: पीड़िताओं ने बदला बयान, पुलिस बोली- अपहरण नहीं हुआ था

Meenu | July 14, 2026 | 12:21 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में सामने आए गैंगरेप मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण खुलासा किया है। सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़कियों ने पुलिस को दिए नए बयान में कहा है कि उनका अपहरण नहीं हुआ था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती बयान में अपहरण और नशीला पदार्थ सुंघाकर ले जाने की बात कही गई थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिलने के बाद दोनों से दोबारा पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अलग-अलग और संवेदनशील तरीके से पूछताछ किए जाने पर लड़कियों ने बताया कि वे घूमने के उद्देश्य से दो युवकों की स्कूटी पर स्वयं बैठकर गई थीं।

यह भी पढ़ें : सरयू राय के बयान पर सियासी घमासान, तस्वीर के साथ कथित अभद्रता को लेकर जदयू ने थाने में दी शिकायत

पुलिस का दावा: एक पीड़िता के साथ गैंगरेप, दूसरी के साथ प्रयास

सिटी एसपी के अनुसार, जांच में अब तक सामने आया है कि एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) हुआ, जबकि दूसरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान एक पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रही और पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।

जंगल से होटल तक ले गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, पीड़िताओं ने बताया कि स्कूटी सवार दो युवक उन्हें पहले एक जंगल क्षेत्र में ले गए, जहां उनके अन्य साथी भी पहुंच गए। इसके बाद सभी इंसलरी के पास स्थित एक होटल पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, वहीं एक पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जबकि दूसरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का प्रयास किया गया।

छह आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल

इस मामले में तुपुदाना ओपी पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। चार वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजकर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार भेजा गया है। दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर रिमांड होम भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों की और स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें