कोडरमा के नवलशाही स्टेशन पर मालगाड़ी से कथित कोयला चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : कोडरमा जिले के कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड स्थित नवलशाही रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी से कथित तौर पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में कुछ महिलाएं स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से कोयला निकालकर बर्तनों में भरकर ले जाती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत रेलवे अधिकारियों से की है।

यह भी पढ़ें : कोडरमा पुलिस ने पकड़ी अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप, बिहार जा रही बोलेरो जब्त

स्थानीय लोगों ने लगाए नियमित चोरी के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी नवलशाही स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी रुकती है, इसी तरह कोयला निकालने की घटनाएं होती हैं। उनका कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि लंबे समय से यह सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिकायत करने पर स्टेशन मास्टर ने कथित तौर पर कहा कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और वे इस संबंध में कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद मालगाड़ियों से कोयला निकालने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उनका आरोप है कि ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और नवलशाही रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

संबंधित खबरें