मेदिनीनगर में आवारा कुत्ते का हमला, आधे घंटे में 10 बच्चे घायल; इलाके में दहशत

Rupa Kumari | July 13, 2026 | 01:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में रविवार शाम आवारा कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई। गांधी मैदान और नई मोहल्ला इलाके में एक आक्रामक कुत्ते ने महज आधे घंटे के भीतर 10 बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमआरएमसीएच) लेकर पहुंचे।

अस्पताल में कराया गया उपचार

अस्पताल में एक साथ कई घायल बच्चों के पहुंचने से कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया और एंटी-रेबीज़ वैक्सीन सहित आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।

नगर निगम की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कुत्तों को पकड़ने या उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण ही बच्चों को इस तरह की घटना का सामना करना पड़ा। हमले के बाद इलाके में भय का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने से भी हिचक रहे हैं।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान करंट लगने से कर्मी की मौत, विभाग पर लापरवाही का आरोप

विशेष अभियान चलाने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल नगर निगम प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों के खिलाफ किसी विशेष अभियान की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें